लखनऊ: 27 फरवरी, 2025 : उत्तर
प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने आज जनपद अयोध्या में स्थित
प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों का भ्रमण किया। उन्होंने विद्या कुंड का भ्रमण
किया, जो पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, वह स्थान है जहां मर्यादा
पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम और उनके अनुजों ने गुरु महर्षि वशिष्ठ के
सान्निध्य में वेद, शास्त्र, धनुर्विद्या और नीति-शास्त्र का अध्ययन किया
था। इस स्थान के ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व को देखते हुए राज्यपाल जी ने
यहाँ की पवित्रता और संस्कृति को श्रद्धा के साथ नमन किया।
राज्यपाल जी ने आज अयोध्या स्थित सीता कुंड में पूजा-अर्चना की और प्रदेश
की सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने स्थानीय पुजारियों और
श्रद्धालुओं से संवाद किया और सीता कुंड से जुड़ी धार्मिक परंपराओं और महत्व
को समझने का प्रयास किया।
अयोध्या के पौराणिक सूर्य कुंड का भी उन्होंने दौरा किया और वहां की धार्मिक एवं ऐतिहासिक विरासत को नमन किया।
इस भ्रमण के दौरान राज्यपाल जी के साथ स्थानीय प्रशासन के अधिकारी और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
टिप्पणियाँ