राज्यपाल ने किया उत्तर प्रदेश विधानसभा गैलरी का अवलोकन
राज्यपाल जी ने विधानसभा में स्थापित भित्तिचित्रों का अवलोकन किया, जिनमें भारत की ऐतिहासिक घटनाओं और राजनीतिक परंपराओं को चित्रित किया गया है। उन्होंने उत्तर प्रदेश विधानसभा में हुए नवीनीकरण कार्यों और तकनीकी उन्नयन की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि विधानसभा का आधुनिकीकरण इसे भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप बना रहा है। इस दौरान उन्होंने विधानसभा डिजिटल गैलरी का भी अवलोकन किया, जहां प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री, राज्यपाल, कैबिनेट मंत्रियों, राज्य मंत्रियों और विधायकों की तस्वीरों के साथ-साथ सरकार की योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी डिजिटल माध्यम से प्रदर्शित की गई है।
राज्यपाल जी ने गैलरी में लगी हाईटेक स्क्रीन पर विभिन्न विभागों और समितियों की जानकारी, विधायकों एवं मंत्रियों के कार्यक्षेत्र और उनकी जिम्मेदारियों की डिजिटल प्रदर्शनी को भी देखा और इसे एक प्रभावी पहल बताया। उन्होंने हेलीकॉप्टर सिमुलेशन का भी अवलोकन किया, जहां उत्तर प्रदेश के महत्वपूर्ण पौराणिक एवं आध्यात्मिक स्थानों का वर्चुअल भ्रमण हेलीकॉप्टर सिमुलेशन के माध्यम से कराया जाता है। उन्होंने इसे एक अद्भुत अनुभव बताया।
विधानसभा डिजिटल कॉरिडोर में पिछले 5 वर्षों में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा किए गए कार्यों को उन्होंने सराहा। विधानसभा अध्यक्ष श्रीमान सतीश महाना जी और उनकी पूरी टीम को इस शानदार कार्य के लिए हार्दिक बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि आपके प्रयासों से विधानसभा का विकास और सौंदर्यीकरण अद्वितीय है।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष, माननीय श्री सतीश महाना ने राज्यपाल जी को रामायण की तीन खंडों वाली पुस्तक भेंट की, जिसे राज्यपाल जी ने अत्यंत हर्ष के साथ स्वीकार किया। उन्होंने इस पुस्तक को विशेष रूप से उत्कृष्ट बताते हुए इसे ज्ञानवर्धक बताया। इसके साथ ही, विधानसभा अध्यक्ष ने राज्यपाल जी को उत्तर प्रदेश विधानसभा का स्मृति चिन्ह भी भेंट किया।
राज्यपाल जी ने विधानसभा में हुए सौंदर्यीकरण और नवीनीकरण कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यह आधुनिक तकनीकों और सांस्कृतिक धरोहर के समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा कि इन नवाचारों से आम जनता और जनप्रतिनिधियों को उत्तर प्रदेश विधानसभा के ऐतिहासिक महत्व और कार्यप्रणाली को समझने में सहायता मिलेगी।
इस अवसर पर प्रमुख सचिव, विधानसभा सहित अन्य अधिकारीगण और कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
टिप्पणियाँ