राजस्थान में नए सिरे से बनेगी कैबिनेट : सभी मंत्रियों के इस्तीफे होंगे, गहलोत ने पहली बार कहा-अब देरी नहीं होगी, शपथ ग्रहण समारोह जल्द*

         ।अशफाक कायमखानी।

जयपुर - (राजस्थान) -
: राजस्थान में मंत्रिमंडल फेरबदल का काउंटडाउन शुरू हो गया है। इसी सप्ताह में गहलोत मंत्रिमंडल में फेरबदल होने के आसार हैं। सभी मंत्रियों से इस्तीफे लेकर नए सिरे से मंत्रिमंडल बनाने की संभावना है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पहली बार इसके साफ संकेत दिए हैं। सचिवालय कर्मचारी संघ के शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जल्द शपथ ग्रहण समारोह होने की संभावना जताई है।
             गहलोत ने कहा-आज इस सुकून भरे शपथ ग्रहण समारोह का शगुन इतना शानदार होगा कि हमारे सरकार के मंत्रिमंडल का पुनर्गठन है, वह भी अब जल्द होगा। लगता है कि आपके कारण ही रुका हुआ था। आप पहले करवा देते तो हमारा मंत्रिमंडल पहले ही पुनर्गठित हो जाता। आप अंदाजा लगा लीजिए, आपके सचिवालय कर्मचारी संघ के शगुन को मैं किस रूप में मानता ​हूं। यह आप समझ जाइएगा। इसके लिए मैं आपका आभारी हूं। मुझे उम्मीद है कि अब कोई देरी नहीं होगी। जल्द ही हमारा शपथ ग्रहण समारोह पूरा होगा। गहलोत ने 11 नवंबर को सोनिया गांधी से मुलाकात के बाद दिल्ली में कहा था हाईकमान चाहेगा तब मंत्रिमंडल विस्तार होगा। थोड़ा सब्र रखिए। दिल्ली दौरे के दौरान सीएम अशोक गहलोत ने 10 नवंबर को राहुल गांधी के आवास पर प्रियंका गांधी, प्रभारी केसी वेणुगोपाल, प्रभारी अजय माकन के साथ लंबी मंत्रणा की थी।
गहलोत के बयान से हाईकमान की हरी झंडी मिलने के संकेत -: गहलोत के बयान से यह साफ है ​कि कांग्रेस हाईकमान ने नए सिरे से कैबिनेट के गठन को मंजूरी दे दी है। हाईकमान की मंजूरी के बाद ही गहलोत ने जल्द शपथ ग्रहण समारोह होने की बात कही है। मंत्रिमंडल के विस्तार, फेरबदल और नए सिरे से गठन के मॉडल को लेकर चर्चा चल रही थी। अब गहलोत ने पुनर्गठन की बात कहकर साफ कर दिया है कि नए सिरे से गठन होगा।
डोटासरा, रघु, हरीश मंत्री पद से हटेंगे -: शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह डोटासरा, राजस्व मंत्री हरीश चौधरी और स्वास्थ्य मंत्री रघु शर्मा को 'एक व्यक्ति एक पद' के तहत मंत्री पद से हटाया जाना तय है। रघु शर्मा गुजरात और हरीश चौधरी पंजाब के प्रभारी हैं। डोटासरा के म़ंत्री पद से हटने के सीएम ने मंगलवार को ही संकेत दिए हैं।

टिप्पणियाँ