राज्यपाल कलराज मिश्र एवं मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अभिनेता इरफान खान के  निधन पर शोक व्यक्त किया है।


जयपुर, ::  जयपुर 29 अप्रैल  राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र एवं मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अभिनेता इरफान खान के  निधन पर शोक व्यक्त किया है।
    श्री मिश्र ने उनके निधन पर संवेदना जताते हुए कहा कि वह अपने अभिनय से हिंदी फिल्म जगत मे अपनी विशिष्ट पहचान बनाने वाले प्रसिद्ध अभिनेता थे। उन्होंने कहा कि  
राजस्थान में टोंक के इस दिग्गज कलाकार को सदैव उसके उत्कृष्ट अभिनय के लिए याद किया जाएगा। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति एवं शोक संतप्त उनके परिजनों एवं प्रशंसको को सम्बल प्रदान करने की प्रार्थना की।
     श्री गहलोत ने अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि देश के बहुमुखी अभिनेता इरफान खान के असामयिक निधन के बारे में सुनकर वह स्तब्ध हैं। उन्होंने शोक संतप्त परिवार एवं श्री खान के प्रशंसकों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से उन्हें यह दुख सहन एवं शक्ति देेेेेेने तथा दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने की प्रार्थना की।
    उन्होंने कहा कि इरफान खान देश  के सबसे प्रतिभावान अभिनेताओं में से एक थे, जो अपने अभिनय के दम पर ऊंचाइयों तक पहुंचे। वह हमेशा थिएटर कलाकारों और उभरते कलाकारों के लिए एक प्रेरणा बने रहेंगे।
   उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने भी श्री खान के निधन पर शोक जताया और कहा कि प्रशंसित अभिनेता इरफान खान के निधन के बारे में सुनकर दुख हुआ। उन्होंने कहा कि सिनेमा की दुनिया में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।
उन्होंने उनके चाहने वालों और प्रशंसकों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त की तथा दिवंगत आत्मा की शांति के लिए भगवान से प्रार्थना की।
     भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उपाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने भी श्री खान के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। श्रीमती राजे ने कहा कि हमने सर्वोत्कृष्ट कलाकार, रिसर्जेंट राजस्थान का चेहरा एवं  सिनेमा की दुनिया में बहुमुखी प्रतिभावान अभिनेता को खो दिया। उन्हें हमेशा याद किया जाएगा। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की


राजस्थान में जन्मे इरफान खान का मुम्बई के एक अस्पताल में बुधवार को निधन हो गया। वह 54 साल के थे और लंबे समय से एक दुर्लभ किस्म के कैंसर से जंग लड़ रहे थे।


गहलोत ने ट्वीट किया, ‘‘देश के सबसे प्रतिभावान अभिनेताओं में से एक इरफान खान के असामयिक निधन की खबर सुनकर स्तब्ध हूं। उनके परिजनों, दोस्तों व चाहने वालों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। ईश्वर उन्हें यह दुख सहने की शक्ति प्रदान करें।'’


खान की 95 वर्षीय मां सईदा बेगम का चार दिन पहले ही जयपुर में इंतकाल हुआ था। अभिनेता कोरोना वायरस से निपटने के लिए लगाये गये लॉकडाउन के कारण अपनी मां के अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो पाये थे।


टिप्पणियाँ