सोमवार सुबह छह बजे से लॉकडाउन होगी दिल्ली

नयी दिल्ली, :  दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को घोषणा की कि कोरोना वायरस के बढ़ते खतरे के मद्देनजर 23 मार्च को सुबह छह बजे से राजधानी लॉकडाउन में रहेगी।


उन्होंने उप राज्यपाल अनिल बैजल के साथ संयुक्त प्रेस वार्ता में बताया कि लॉकडाउन 31 मार्च को अर्द्धरात्रि 12 बजे तक चलेगा।


केजरीवाल ने कहा कि लॉकडाउन में सार्वजनिक परिवहन का कोई साधन नहीं चलेगा और दिल्ली की सीमाओं को सील कर दिया जाएगा लेकिन स्वास्थ्य, खानपान, जल और विद्युत आपूर्ति आदि से संबंधित आवश्यक सेवाएं जारी रहेंगी।


उन्होंने यह भी बताया कि दुग्ध उत्पाद की दुकानें, किराना दुकानें, दवा की दुकानें और पेट्रोल पंप खुले रहेंगे, वहीं जरूरी सेवाओं से जुड़े सभी लोगों को इस दौरान आवागमन की अनुमति दी जाएगी।


मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘हमें पता है कि लोगों को कठिनाइयां आएंगी लेकिन कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए लॉकडाउन जरूरी है।’’


उन्होंने यह भी बताया कि दिल्ली में कोविड-19 के कुल मामलों में से छह स्थानीय स्तर पर संक्रमण के हैं।


टिप्पणियाँ