नक्सली हमले में छह जवान घायल, दो गंभीर

रायपुर, :: छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में नक्सली हमले में छह जवान घायल हो गए हैं।


राज्य के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने शनिवार को यहां बताया कि जिले में चिंतागुफा थाना क्षेत्र के मिनपा गांव के जंगल में नक्सलियों ने पुलिस दल पर हमला कर दिया है जिसमें छह जवान घायल हो गए हैं। उन्होंने बताया कि घायलों में से दो की हालत गंभीर है तथा चार अन्य जवानों को सामान्य चोटें आई है।


अधिकारियों ने बताया कि केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल, एसटीएफ और डीआरजी का दल गश्ती पर था। दल जब मिनपा गांव के जंगल में था तब नक्सलियों ने उसपर गोलीबारी शुरू कर दी। इसके बाद जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की।


उन्होंने बताया कि कुछ देर तक गोलबारी के बाद नक्सली वहां से फरार हो गए थे।


अधिकारियों ने बताया कि घायल जवानों को जंगल से बाहर निकालने की कार्रवाई की जा रही है।


टिप्पणियाँ