मांडवा तट पर नाव पलटी, सभी 88 यात्री सुरक्षित

मुंबई, :: महाराष्ट्र में मुंबई के पास मांडवा तट पर अरब सागर में एक चट्टान से टकराने के बाद शनिवार सुबह एक नाव पलट गई। हालांकि, इसमें सवार सभी 88 यात्रियों को सकुशल बचा लिया गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।


अधिकारी ने बताया कि हादसा सुबह करीब सवा दस बजे उस समय हुआ, जब अजन्ता नाम की यात्री नाव दक्षिण मुंबई के गेटवे ऑफ इंडिया से चलकर पास के रायगढ़ जिले के मांडवा तट पर पहुंचने वाली थी।


उन्होंने बताया कि 88 यात्रियों वाली नाव मांडवा तट से करीब एक किलोमीटर पहले चट्टानी क्षेत्र से टकरा गई और इसमें पानी भरने लगा, जिसके कारण नाव डूबने लगी।


रायगढ़ जिले के पुलिस अधीक्षक अनिल परासकर ने कहा कि तुरंत मरीन पुलिस और अन्य एजेंसियों को इसकी सूचना दी गई। ठीक उसी समय, गश्त कर रही पुलिस की नाव, जिस पर पुलिस नायक प्रशांत घारत और दो अन्य क्रू सदस्य सवार थे, यात्री नाव के पास पहुंचे।


उन्होंने बताया कि क्रू सदस्यों की मदद से घारत ने बचाव अभियान चलाते हुए सभी यात्रियों को सकुशल बचा लिया।


टिप्पणियाँ