उत्तराखंड में दिखा दुर्लभ प्रवासी पक्षी

पिथौरागढ़  ::  उत्तराखंड में पहली बार रूफस-बैक्ड रेडस्टार्ट या एवरमैन रेडस्टार्ट नाम के दुर्लभ प्रवासी पक्षियों के एक जोड़े का दीदार हुआ है।


इस जोड़े को हाल में इकोलाजिस्ट और प्रकृति प्रेमी के. रामनारायण के नेतृत्व में आयोजित बर्ड वॉक के दौरान देखा गया। वन विभाग के सहयोग से सेडार और तितली ट्रस्ट नामक संगठनों द्वारा मुक्तेश्वर लैंडस्केप में चलाये जा रहे वर्ष भर के नेचर गाइड ट्रेनिंग प्रोग्राम के तहत यह बर्ड वॉक आयोजित किया गया था।


मुनस्यारी निवासी रामनारायण ने दावा किया कि इस जोड़े को मुक्तेश्वर के खेतों और बागों में नेचर गाइड प्रशिक्षुओं और पक्षी प्रेमियों के एक समूह ने देखा।


उन्होंने बताया, ‘‘हम इस जोड़े को 80—85 मिनट से ज्यादा समय तक देखते रहे और इस दौरान यह कई बार आंखों से ओझल हुआ और वापस आया। हमने उनकी तस्वीरें भी ली हैं।’’


रामनारायण ने बताया कि यह पक्षी मध्य एशिया और दक्षिणी साइबेरिया के पहाडों में पाया जाता है लेकिन सर्दियों में भारत सहित गर्म जलवायु वाले क्षेत्रों में आ जाता है।


उन्होंने बताया कि दुनिया भर में इस पक्षी को केवल 536 बार देखा गया है जिसमें से 23 बार इसे भारत में देखा गया है। उत्तराखंड में यह पहली बार देखा गया है।


टिप्पणियाँ