कोटा में ‘सुपोषित मा’ अभियान की शुरुआत

कोटा, :: किशोरियों व गर्भवती महिलाओं को कुपोषण से मुक्ति दिलाने के उद्देश्य से कोटा शहर में 'सुपोषित मां' अभियान की शुरुआत शनिवार को हुई। इस अभियान के तहत महिला को गर्भावस्था के दौरान नौ महीने तक पौष्टिक आहार उपलब्ध करवाना है।


लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने यहां इस अभियान की शुरुआत की। इस अवसर पर केंद्रीय महिला व बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी भी मौजूद थीं। कुपोषण मुक्त भारत की मुहिम के तहत यह पहल विभिन्न सामाजिक संगठनों व जनता के सहयोग से की गयी है।


इस अवसर बिरला ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य किशोरियों व गर्भवती महिलाओं को कुपोषण की समस्या से मुक्ति दिलाना है।


अभियान की शुरुआत से पहले कोटा जिले के झुग्गी झोंपड़ी वाले इलाकों में 5000 किशोरियों व गर्भवती महिलाओं की स्क्रीनिंग की गयी। इनमें से 1000 महिलाओं व किशोरियों को कुपोषण से पीड़ित पाया गया जिन्हें अगले नौ महीने तक नि:शुल्क पौष्टिक आहार की किट दी जाएगी।


ईरानी ने इस पहल की सराहना की और इसे लोकसभा अध्यक्ष बिरला की अनूठी पहल बताया जो महिलाओं व किशोरियों के स्वास्थ्य की जिम्मेदारी लेते हुए की जा रही है।


उल्लेखनीय है कि बिरला कोटा सीट से सांसद हैं।


टिप्पणियाँ