हाथी के हमले में एक प्रौढ़ व्यक्ति की मौत

कोरबा (छत्तीसगढ़), :: जिले में हाथी के हमले में एक प्रौढ़ व्यक्ति की मौत हो गई। कोरबा जिले के वन अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि जिले के कटघोरा वन मंडल के अंतर्गत परला गांव में हाथी ने ग्रामीण हरि सिंह (55) को कुचल दिया जिससे उनकी मौत हो गई।


अधिकारियों ने बताया कि जिले के कटघोरा वन मंडल में पिछले चार माह से 45 हाथियों का दल केदई और ऐतमानगर वन परिक्षेत्र में विचरण कर रहा है। इन्हीं में से एक दंतैल हाथी अपने दल से अलग होकर आतंक मचा रहा है। गुरुवार और शुक्रवार की दरम्यानी रात केदई वन परिक्षेत्र के परला ग्राम पंचायत के अंतर्गत लालमट्टापारा में हाथी ने सिंह को कुचल दिया।


उन्होंने बताया कि रात में हाथी सिंह का मकान तोड़ रहा था। यह देखकर सिंह भाने लगे लेकिन वह हाथी की जद में आ गए।


वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इससे पहले हाथी ने बनखेता गांव में वसंती बाई नामक महिला को भी घायल कर दिया था। महिला को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोड़ी-उपरोड़ा में भर्ती कराया गया बाद में उसे जिला अस्पताल भेज दिया गया।


अधिकारियों ने बताया कि हाथी के हमले में मारे गए व्यक्ति के परिजन को तत्काल 25 हजार रुपए की सहायता राशि दी गई है। 


टिप्पणियाँ