एनपीआर को अद्यतन करने और जनसंख्या 2021 पर राज्य/ केन्द्र शासित प्रदेशों के मुख्य सचिवों और प्रशासकों का सम्मलेन

राज्य/ केन्द्र शासित प्रदेशों के मुख्य सचिवों और प्रशासकों का आधे दिन का सम्मेलन  नई दिल्ली में आयोजित किया गया। सम्मेलन का उद्घाटन केंद्रीय गृह राज्य मंत्री  नित्यानंद राय ने किया।


      राय ने अपने उद्घाटन भाषण में जनगणना 2021 के संचालन की आवश्यकता और उसमें राज्यों की भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने यह भी कहा कि जनगणना के जरिये एकत्र किए गए आंकड़ों से हमें देश के लोगों के कल्याण के लिए नीतियां बनाने में मदद मिलती है। मंत्री ने जनगणना 2021 के लिए आधिकारिक शुभंकर’ का भी उद्घाटन किया।


      केंद्रीय गृह सचिव श्री अजय कुमार भल्ला ने सम्मेलन के दौरान प्रमुख वक्तव्य दिया। श्री भल्ला ने अपने संबोधन में इस कार्य की व्यापकता और इसमें राज्य के अधिकारियों की भागीदारी के बारे में बताया।


      सम्मेलन के आरंभ में भारत के महारजिस्ट्रार एवं जनगणना आयुक्त डॉ. विवेक जोशी ने मंत्री, गृह सचिव, राज्य के मुख्य सचिवों और राज्य के अन्य नोडल अधिकारियों का स्वागत किया। उन्होंने जनगणना 2021 के लिए रणनीति पर एक संक्षिप्त प्रस्तुति दी।


      डॉ. जोशी की प्रस्तुति के बाद ओआरजीआई के संबंधित इंचार्ज अधिकारियों द्वारा जनगणना पदाधिकारियों की नियुक्ति, राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर (एनपीआर), मुद्रण एवं लॉजिस्टिक्स सुविधाओं, डेटा संग्रह में मोबाइल एप्लिकेशन का उपयोग और केंद्रीय निगरानी पोर्टल के संबंध में प्रस्तुतियां दी गईं।


टिप्पणियाँ