भाजपा नेताओं ने नड्डा की सराहना की

नयी दिल्ली,:  भाजपा नेताओं ने सोमवार को जे पी नड्डा की ‘‘सादगी’’ की प्रशंसा करते हुए विश्वास जताया कि उनके विशाल संगठनात्मक अनुभव का पार्टी को लाभ मिलेगा और उनके नेतृत्व में पार्टी अच्छा काम करेगी।


नड्डा के भाजपा का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने की संभावना है।


अमित शाह, राजनाथ सिंह और नितिन गडकरी समेत कई केन्द्रीय मंत्रियों के अलावा मुख्यमंत्रियों तथा उपमुख्यमंत्रियों व भाजपा की राज्य इकाइयों के वरिष्ठ नेताओं ने नड्डा की उम्मीदवारी के समर्थन में नामांकन पत्र दाखिल किया।


केन्द्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा कि वह हमेशा एक ‘‘प्रेरक’’ कार्यकर्ता रहे हैं।


उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के नेता ने एक ‘‘उत्कृष्ट’’ संगठनात्मक नेता के रूप में काम किया, चाहे एबीवीपी हो या भाजपा की युवा इकाई। यही नहीं वह मोदी सरकार के पहले कार्यकाल के दौरान सफल स्वास्थ्य मंत्री भी रहे।


प्रसाद ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘उनके पास एक पार्टी नेता या प्रशासक के रूप में एक व्यापक अनुभव भी है।’’


उन्होंने विश्वास जताया कि नड्डा शाह के नेतृत्व में पार्टी को मिली बड़ी सफलताओं को आगे बढ़ायेंगे।


गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने कहा कि शाह के नेतृत्व में पार्टी संगठन मजबूत स्थिति में है और नड्डा भविष्य में भाजपा के लिए और अधिक सफलता सुनिश्चित करने के लिए काम करेंगे।


एक अन्य केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने नड्डा की सादगी के लिए उनकी प्रशंसा की।


छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के उपाध्यक्ष रमन सिंह ने भी सादगी के लिए नड्डा की सराहना की और विश्वास जताया कि शाह के नेतृत्व में आया ‘‘स्वर्ण युग’’ जारी रहेगा।


टिप्पणियाँ