किसानों की समस्याओं के लिए यूनियन की एकजुटता जरुरी : भगत सिंह

अमरोहा। अगर गन्ना किसानों की समस्या का समाधान कराने के लिए वास्तव में भारतीय किसान यूनियन के नेता गंभीर हैं तो सबसे पहले उन्हें आपसी मनमुटाव भुलाकर एकजुटता का परिचय देना होगा। तभी केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार झुकेगी तथा चीनी मिलों पर गन्ना बकाया देने का दबाव बनाएगी, अन्यथा किसान इसी तरह परेशान होता रहेगा।

  सहकारी गन्ना समिति के चेयरमैन चौ. भगत सिंह बाबी कहते हैं कि भारतीय किसान यूनियन किसानों की समस्याओं को लेकर संघर्ष करती रही है। लेकिन जब से यूनियन कई गुटों में बंटी है, तभी से केंद्र व प्रदेश की सरकारों ने किसानों की समस्याओं की ओर से मुंह मोड़ना शुरु कर दिया है। यही कारण है कि किसान गन्ना मूल्य बढ़ाने, गन्ने का बकाया भुगतान तथा अन्य मामले सुलझ नहीं पा रहे हैं। गन्ना खेतों में होने के कारण गेंहूं की फसल नहीं लग सकी है। जिसके चलते इस वर्ष गेंहूं की पैदावार कम होने की आशंका व्यक्त की जा रही है। सरकारी उपेक्षा के चलते किसान की दुर्दशा पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि इससे पहले कभी भी किसान इतना परेशान नहीं हुआ है। गुटों में विभाजित भाकियू के एक होने की कामना करते हुए उन्होंने कहा कि किसान हित में ऐसा होना जरुरी है। भाकियू के गुटों में विभाजित होने से इसका लाभ सरकार उठा रही है।  

 

टिप्पणियाँ