हरियाणा, पंजाब में ठंड से कोई राहत नहीं

चंडीगढ़,: हरियाणा और पंजाब के लोगों को ठंड से कोई राहत नहीं मिल रही है। हरियाणा में हिसार और पंजाब में बठिंडा सबसे ठंडा स्थान दर्ज किया गया।

हिसार में 0.2 डिग्री सेल्सियस और बठिंडा में 0.5 डिग्री सेल्सियस के साथ हाड़ कंपाने वाली ठंड का कहर जारी है। यहां तापमान सामान्य से सात डिग्री सेल्सियस तक नीचे गिर गया।

शीत लहर के बढ़ते कहर के बीच दोनों राज्यों की साझा राजधानी चंडीगढ़ में रात का तापमान 2.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि इस मौसम की अब तक की सबसे सर्द रात है।

हरियाणा के नारनौल, सिरसा और रोहतक में तापमान क्रमश: 1.5 डिग्री सेल्सियस, 1.8 डिग्री सेल्सियस और 1.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंजाब के आदमपुर में तापमान एक डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

वहीं दोनों ही राज्य कोहरे के घने चादर में लिपटे हुए हैं, जिससे दृश्यता कम हो गई है। अगले दो दिनों तक शीत लहर जारी रहेगी।


टिप्पणियाँ