सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग में दिव्यांगो की जागरूकता हेतु कार्यशाला का आयोजन

लखनऊः  उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा दिव्यांगजनों के लिए चलायी जा रही विभिन्न योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रदेश के चिन्हित 56 जनपदों  में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जिसके माध्यम से दिव्यांगजनों को योजनाओं के प्रति जागरूक किया जायेगा।

यह जानाकरी देते हुए उप निदेशक दिव्यांगजन सशक्तीकरण  रंजीत सिंह ने कहा कि 03 से 15 दिसम्बर, 2019 तक एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिससे विभाग में चल रही योजनाओं का लाभ दिव्यांगजनों तक पहुंच सके। उन्होंने बताया कि इसी उद्देश्य से आज सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग के सभागार  में कार्यशाला का आयोजन किया गया।

 सिंह ने बताया दिव्यांगजन सशक्तीकरण से प्रत्येक जनपद में नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से सरकार की योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया जायेगा। इसके साथ ही एफ.एम. चैनल के माध्यम से भी कार्यक्रमों का प्रचार-प्रसार किया जायेगा।

कार्यशाला के माध्यम से सभागार में उपस्थित नुक्कड़ नाटक दलों को योजनाओं के संबंध में जानकारी दी गई। इसके साथ ही दिव्यांगता के प्रमुख कारण तथा उनके बचाव के बारे में भी जानकारी दी गई तथा उसके पहचान व उपचार की भी जानकारी साझा की। विभाग द्वारा चलाई जा रही योजनाओं में दिव्यांग व्यक्तियों हेतु भरण-पोषण अनुदान (दिव्यांग पेंशन) योजना, कुष्ठावस्था पेंशन योजना, कृत्रिम अंग/सहायक उपकरण योजना, दिव्यांगजन से शादी करने पर पुरस्कार, दुकान निर्माण व संचालन योजना, दिव्यांगता निवारण हेतु शल्य चिकित्सा अनुदान, उत्तर प्रदेश सड़क परिवहन निगम को दिव्यांगजन की निःशुल्क बस यात्रा हेतु क्षतिपूर्ति, बचपन डे केयर सेंटर्स तथा दिव्यांगजन हेतु विशिष्ट पहचान पत्र (यू.डी.आई.डी.) मुख्य रूप से शामिल है।

कार्यशाला में उप निदेशक, सूचना श्री त्रिलोकी राम, सहायक निदेशक, सूचना श्री राम मनोहर त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

टिप्पणियाँ