लोकतंत्र का अहम साझीदार है प्रेस: किरण बेदी

पुडुचेरी, :  पुडुचेरी की उपराज्यपाल किरण बेदी ने शनिवार को कहा कि प्रेस लोकतंत्र का अहम एवं अभिन्न साझीदार है।

बेदी ने राज निवास में आयोजित 'राष्ट्रीय प्रेस दिवस' समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि प्रशासन का काम लोगों की सेवा करना है और लोगों को भी इसके साथ काम करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि मीडिया लोगों और प्रशासन के बीच पुल का काम करता है और मीडिया की खबरें सरकार को अहम जानकारी मुहैया कराती हैं जिनकी मदद से वह लोगों की समस्याओं को दूर करती है।

बेदी ने साथ ही कहा कि प्रेस को तथ्यों से छेड़छाड़ किए बिना सही खबर ही छापनी चाहिए।

बेदी ने केंद्र शासित प्रदेश में सीबीआई के एक शाखा स्थापित करने का जिक्र करते हुए इसे बड़ा कदम बताया और कहा कि केंद्र सरकार भ्रष्टाचार को समाप्त करने को लेकर गंभीर है।

उन्होंने कहा कि उनके कार्यालय ने केंद्र द्वारा केंद्रशासित प्रदेश के लिए निर्धारित योजनाओं के क्रियान्वयन को रेखांकित करते हुए 'गुड प्रेक्टिसिस' शीर्षक से एक पुस्तिका निकाली है।

पूर्व आईपीएस अधिकारी ने कहा कि राष्ट्रीय प्रेस दिवस सतर्कता और संचार एवं जवाबदेही का दिन है। उन्होंने बताया कि अपने स्कूली दिनों में ही उन्हें प्रेस की खबरों की महत्ता समझ आ गई थी।


टिप्पणियाँ