चीनी मिल, बस्ती का लोकार्पण एवं पेराई सत्र का शुभारम्भ 21 नवम्बर को

लखनऊः प्रदेश के गन्ना मंत्री,  सुरेश राणा के अनुरोध पर मुख्य मंत्री उ.प्र., योगी आदित्यनाथ द्वारा निगम क्षेत्र की चीनी मिल मुण्डेरवा, बस्ती के लोकार्पण एवं पेराई सत्र का शुभारम्भ करने हेतु सहमति प्रदान की है। उल्लेखनीय है कि, गन्ना किसानों की गन्ना आपूर्ति की समस्या के समाधान के लिए प्रदेश के निगम क्षेत्र की बंद चीनी मिल मुण्डेरवा, बस्ती में 5,000 टी.सी.डी. क्षमता की नई मिल स्थापित की गयी है जो 7,500 टी.सी.डी. तक विस्तारित हो सकती है। इस चीनी मिल में 27 मेगावाट क्षमता के बिजली उत्पादन संयंत्र की स्थापना का कार्य भी पूर्ण हो चुका है तथा समस्त ट्रायल आदि कार्य भी किये जा चुके हैं।

पेराई सत्र 2019-20 में चीनी मिल मुण्डेरवा, बस्ती द्वारा इस पेराई सत्र के प्रारम्भ से ही पूर्ण क्षमता पर पेराई कार्य किया जायेगा, जिससे मिल क्षेत्र के लगभग 30,000 गन्ना किसानों को अपने गन्ने की आपूर्ति करने में सुविधा होगी। पेराई सत्र 2019-20 में चीनी मिल द्वारा लगभग 60 लाख कुन्तल गन्ने की पेराई सम्भावित है जिससे लगभग   6.25 लाख कुन्तल चीनी का उत्पादन होगा। इस परियोजना ंसे लगभग 8,500 व्यक्तियों को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार उपलब्ध होगा। इसके अतिरिक्त कोजनरेशन प्लांट से विद्युत का उत्पादन भी किया जायेगा जिससे चीनी मिल को लगभग रू.30 करोड़ का राजस्व प्राप्त होने की सम्भावना हैं। मुण्डेरवा, बस्ती में नई चीनी मिल की स्थापना से गन्ना किसानो की आर्थिक समृद्धि बढाने एवं गन्ना किसानों की आय दोगुनी करने में सार्थक सिद्ध होगी।

गन्ना मंत्री,  सुरेश राणा ने इस सम्बन्ध में जानकारी देते हुए बताया कि, मुख्यमंत्री उ.प्र. के कर कमलों से मुण्डेरवा चीनी मिल का लोकार्पण एवं पेराई सत्र का शुभारम्भ दिनांक 21 नवम्बर, 2019 को पूर्वान्ह 10 बजे किया जायेगा।

टिप्पणियाँ