आज आवश्यकता ऐसे नेता की जो आरएसएस की भड़काऊ विचारधारा पर रोक लगा सके : अखिलेश यादव


लखनऊ - लौहपुरूष सरदार पटेल और प्रखर समाजवादी नेता आचार्य नरेन्द्र देव की जयंती पर आज समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री  अखिलेश यादव ने समाजवादी पार्टी कार्यालय में उनके चित्रों पर तथा लखनऊ, गोमती नदी के तट पर मोतीमहल स्थित आचार्य नरेन्द्र देव जी की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनकी स्मृति को नमन किया।
      उन्होंने कहा आज इन महापुरूषों के आदर्शों और सिद्धांतों से नई पीढ़ी को प्रेरणा तथा उन पर चलने का संकल्प लेना चाहिए। समाजवादी पार्टी उनके रास्ते पर चलने के लिए प्रतिबद्ध है। आरएसएस नफरत और समाज बंटवारे का विचार फैलाती है उस पर फिर पाबंदी लगनी चाहिए।
       सरदार वल्लभ भाई पटेल को याद करते हुए  अखिलेश यादव ने कहा कि जहां उन्होंने देश की एकता के लिए कदम उठाये थे वहीं सामाजिक सौहार्द के लिए आरएसएस पर पाबंदी लगाने का काम किया था। आज आवश्यकता फिर ऐसे नेता की है जो आरएसएस की भड़काऊ विचारधारा पर रोक लगा सके।  
    अखिलेश यादव ने कहा कि आचार्य नरेन्द्र देव ने आजादी के संघर्ष में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। आजादी के बाद समाज किस दिशा में जाए इसके लिए समाज को जागरूक किया। हमने उनका रास्ता अपनाया है। आज लोकतंत्र को पंगु करने की कोशिश की जा रही है। जब समाज में बराबरी आएगी तभी खुशहाली आएगी। लोकतंत्र के मूल्यों की पुनस्र्थापना के लिए भाजपा सरकार को हटाना जरूरी है।
      अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा उत्तर प्रदेश में राम राज्य नहीं नाथूराम राज्य चला रही हैं। नागरिकों को उनके मूल अधिकारों से वंचित किया जा रहा है। यूपी 100 की व्यवस्था तहसनहस कर दी गई है। भाजपा सरकार ने स्वास्थ्य, शिक्षा की सेवाओं को भी बर्बाद कर दिया है। प्रदेश का किसान कर्ज से लदा है, फांसी लगाकर जान दे रहा है। नौजवान का भविष्य अंधकारमय है। भाजपा ने उत्तर प्रदेश को हत्या प्रदेश बना दिया है।
 अखिलेश यादव ने कहा कि आज लोकतंत्र पर चैतरफा हमला हो रहा है। लोकतंत्र में विपक्ष की रचनात्मक और सार्थक भूमिका को भी सत्तादल कुचलना चाहता है। भाजपा राज में बेटियों और महिलाओं के उत्पीड़न, अत्याचार की पराकाष्ठा है। भाजपा सरकार न्याय के रास्ते से विरत हो गई है। फर्जी झूठे केसों में नौजवानांे को फंसाकर उनकी जिंदगी बर्बाद की जा रही है। समाज में विषमता और नफरत फैलाई जा रही है।
       प्रखर समाजवादी नेता आचार्य नरेन्द्र देव और लौहपुरूष सरदार पटेल की जयंती पर सर्वश्री अहमद हसन नेता प्रतिपक्ष विधान परिषद, नरेश उत्तम पटेल प्रदेश अध्यक्ष, राजेन्द्र चौधरी राष्ट्रीय सचिव, एस.टी. हसन सांसद मुरादाबाद, आचार्य जी के परिवार से यशोवर्धन तथा मीरावर्धन, विधायकगण जगजीवन प्रसाद, अरविन्द कुमार सिंह, उदयवीर सिंह, मूलचंद चैहान, शैलेन्द्र यादव 'ललई', राजपाल कश्यप तथा  गीता सिंह, रामसिंह राणा, रामआसरे विश्वकर्मा, विजय शर्मा, मौलाना कादरी, मनोज सिंह 'काका', रामजतन राजभर, जगदेव यादव, डाॅ0 अखिलेश पटेल, सर्वेश अम्बेडकर, चौधरी दर्शन सिंह एवं देवेन्द्र जाखड़ आदि की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।


टिप्पणियाँ