मौर्य ने विभिन्न जनपदों से आये तमाम लोगों की शिकायतों को सुनकर त्वरित निस्तारण हेतु अधिकारियों को दिये निर्देश


 


उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने अपने 7 कालीदास मार्ग स्थित आवास पर विभिन्न जनपदों से आये लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं के निराकरण का आश्वासन दिया। उन्होने जनसुनवाई के दौरान एक-एक व्यक्ति की समस्या को पूरी गम्भीरता से सुना तथा समस्याओं के निराकरण हेतु विभिन्न जिलों के जिलाधिकारी तथा पुलिस अधीक्षकों से बात की। जनता दर्शन में बुजुर्ग, महिलाएं एवं पुरूष सहित 150 से 200 लोगों ने उपमुख्यमंत्री के समक्ष अपनी समस्यायें बतायी। बतायी गयी समस्याओं में मुख्य रूप से आवास, राशन न मिलना, अवैध कब्जा, पेन्शन, ऋणमाफी, नौकरी, मारपीट आदि थी। जनता दर्शन में आए दिव्यांगों से उपमुख्यमंत्री ने स्वयं आगे बढ़कर उनकी समस्याएं सुनी तथा त्वरित निराकरण हेतु अधिकारियों को निदेर्शित किया। आवास पर आये मरीजों के ईलाज हेतु उपमुख्यमंत्री ने सिविल अस्पताल मेडिकल काॅलेज एवं एस0जी0पी0जी0आई0 में फोन कर भर्ती कराने एवं हर सम्भव मदद हेतु अधिकारियों को निर्देशित किया।

जनता दर्शन में आयीं श्रीमती मीनू सिंह पत्नी श्री सोनू सिंह, निवासिनी, ग्राम-कैथवारा, थाना-मदगरपुर, जिला सुल्तानपुर ने उपमुख्यमंत्री को अपनी समस्या से अवगत कराया साथ ही घर जाने तक के पैसे न होने की भी जानकारी दी। उपमुख्यमंत्री जी ने श्रीमती सिंह को उनके आवास तक भिजवाने हेतु अधिकारियों को निर्देश दिये। 

     उपमुख्यमंत्री जी ने सभी समस्याओं के निराकरण हेतु जिलाधिकारी तथा पुलिस अधीक्षक सहित सम्बन्धित अधिकारियों को पत्र लिखकर समस्या के निराकरण का आश्वासन दिया। श्री मौर्य ने कहा समस्याओं के निराकरण हेतु बड़ी संख्या में लोगों का लखनऊ आना गम्भीर बात है। जिन जिलों से अधिक शिकायतें आ रही हैं उन जिलों के अधिकारियों को जवाब-तलब किया जायेगा और जल्दी ही कड़ी कार्यवाही की जायेगी।

टिप्पणियाँ