लखनऊ : सपा परिवार ने याद किया डाॅ0 राममनोहर लोहिया को


 



लखनऊ - पूर्व रक्षा मंत्री  मुलायम सिंह यादव और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री  अखिलेश यादव ने आज राजधानी लखनऊ स्थित लोहिया पार्क में डाॅ0 राममनोहर लोहिया की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट की। 

        अखिलेश यादव ने इस अवसर पर कहा कि 23 मार्च को प्रत्येक वर्ष हम लोग लोहिया जी का जन्मदिन मनाते हैं। आज ही भगत सिंह, राजगुरू और सुखदेव की शहादत का भी दिन है। होली के त्योहार के बाद लोकतंत्र का सबसे बड़ा पर्व है जिसमें 90 करोड़ जनता मतदान करेगी। डाॅ0 लोहिया ने जातिवाद के खिलाफ संघर्ष किया। लोहिया और डाॅ0 अम्बेडकर देश को नई दिशा देना चाहते थे। आज हम उनके रास्ते पर चलने का संकल्प लेते हैं। लोहिया जी की वैचारिक विरासत कोे समाजवादी पार्टी ने आगे बढ़ाया।

         अखिलेश यादव ने कहा कि आज प्रधानमंत्री जी और भाजपा का समाजवाद और धर्मनिरपेक्षता से कोई लेना देना नहीं है। डाॅ0 लोहिया से भी प्रधानमंत्री जी का कोई सम्बंध नहीं है। लोकतंत्र में इतना झूठ बोलने वाली सरकार कोई दूसरी नहीं मिलेगी। उन्होंने कहा कि फौज का सम्मान हर राजनीतिक दल करता है। भाजपा से अगर कोई सवाल किया जाए तो राष्ट्रवाद के पीछे छुपकर वार करते हैं। इस चुनाव में अच्छे दिनों को पूछने वाला कोई नहीं है। बुरे दिन लाने का काम अगर किसी ने किया है तो वह भाजपा है। 

         अखिलेश  यादव ने कहा कि लोकतंत्र में विरोध में पुतले जलाए जाते हैं लेकिन त्योहार के दिन मैं जानना चाहता हॅू कि भारतीय जनता पार्टी का कौन सा लोकतंत्र है जो हमारी और मायावती जी की तस्वीरें होलिका दहन के साथ जलाई हैं। यह भाजपा के लोगों की मानसिकता है। बाराबंकी के इस होलिका दहन का संदेश स्पष्ट है कि दलित व पिछड़े समाज को भाजपा काल में वैसे ही दबाया-जलाया जाएगा जैसा सदियों से हुआ है। बीते 5 वर्षों में दलित व पिछड़े वर्गों का अपमान और उनके साथ अन्याय ने हर सीमा पार कर दी है। अब वंचित वर्गों का आक्रोश भाजपा को जल्द दिखाई देगा। समाजवादी पार्टी-बहुजन समाज पार्टी-राष्ट्रीय लोक दल गठबंधन को जनता का भरपूर समर्थन मिलेगा। 

       अखिलेश  यादव ने कहा कि गुरूग्राम में मोहम्मद साजिद और उनके परिवार पर जो गुजरी वह कल्पना से परे है। देश के भाईचारे को बिगाड़ने वाले नेता ये बात नहीं समझ रहे है कि नफरत ऐसा ज़हर है जो सबको ध्वस्त कर देगा।

         इस अवसर पर अखिलेश यादव ने ‘समाजवाद और अखिलेश‘ पुस्तक का भी विमोचन किया।   

इस अवसर पर  अहमद हसन, रामगोविन्द चौधरी, नरेश उत्तम पटेल, राजेन्द्र चौधरी, डाॅ0 मधु गुप्ता, ओम प्रकाश सिंह, अभिषेक मिश्र, अनुराग यादव, फाकिर सिद्दीकी, अशोक यादव, विजय यादव, रामसागर यादव, आर.के. चौधरी, सनातन पाण्डेय, उदय राज यादव, राजकुमार मिश्र, मुकेश शुक्ल, सुशील दीक्षित, विकास यादव, मो0 एबाद, जरीना उस्मानी, लीलावती कुशवाहा, शीला सिंह, सर्वेश अम्बेडकर, संगीता मालवीय, डाॅ0 फिदा हुसैन अंसारी, धनंजय उपाध्याय, दीपक रंजन, अमित त्रिपाठी,  प्रदीप शर्मा, राजा चतुर्वेदी, आलोक त्रिपाठी, विजय कश्यप, राहुल सिंह, डाॅ0 अखिलेश पटेल, बनवारीलाल कंछल, रणविजय सिंह, कर्नल सत्यवीर सिंह यादव, अभिजीत यादव, जाकिर सतरिखी, अदनान खान, शकील, मनोज यादव, अनिल मास्टर, अतुल प्रजापति, मनोज सिंह आदि सैकड़ों की उपस्थिति रहे।  


टिप्पणियाँ