अमरोहा : रेप की कोशिश में प्रधान के खिलाफ एफआईआर दर्ज


 


अमरोहा।दुष्कर्म में नाकाम होने पर महिला को दराती से काटने वाले आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए थाने में ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई थी। पीड़िता के बेटे की तहरीर के आधार पर आरोपी प्रधान पर दुष्कर्म की कोशिश तथा जानलेवा हमला करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की गई है। गजरौला थाना क्षेत्र के गांव की निवासी महिला के साथ शुक्रवार की शाम दुष्कर्म करने की कोशिश की गई थी। घटना के वक्त वह खेत में बरसीम काट रही थी। दुष्कर्म में नाकाम होने पर आरोपी ने महिला को उसी की दराती से बुरी तरह काट दिया था। महिला के चीखने की आवाज सुनकर लोग दौड़े तथा भागने की कोशिश कर रहे आरोपी को पकड़कर पिटाई की थी। वारदात को अंजाम देने का आरोप ग्राम प्रधान पर है। पुलिस मौके पर पहुंची तथा ग्राम प्रधान को हिरासत में लेकर थाने ले गई थी। रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए रात को थाने में ग्रामीण इकट्ठा हो गए। महिला के बेटे की तहरीर के आधार पर ग्राम प्रधान मदन सिंह के खिलाफ दुष्कर्म की कोशिश व जानलेवा हमला करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार ने इसकी पुष्टि की।


टिप्पणियाँ