अपोलो जैसे अस्पताल का लखनऊ में स्थापित होना प्रदेश के लिए गौरव की बात है : राज्यपाल


राज्यपाल श्री रामनाईक ने अपने उद्बोधन में कहा कि उत्तर प्रदेश जनसंख्या की दृष्टि से दुनिया के तीन राष्ट्र अमेरिका, इन्डोनेशिया एवं चीन से ही छोटा है। इतनी बड़ी आबादी को स्वास्थ्य सुविधाएं उपब्ध कराने के लिए सरकार गम्भीर है। उन्होंने कहा कि लखनऊ में किंग जार्ज मेडिकल, एस0जी0पी0जी0आई0, राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान व अटल बिहारी वाजपेयी चिकित्सा विश्वविद्यालय के साथ अपोलो जैसे अस्पताल का भी यहां स्थापित होना प्रदेश के लिए गौरव की बात है। मेडिकल हब के रूप में स्थापित अपोलो अस्पताल पूर्वी भारत यहां तक की बिहार, नेपाल के लोगों को भी स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करेगा। यहां के लोगों को अब दिल्ली, मुम्बाई जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। उन्होंने कहा कि अपोलों जैसे अस्पताल को भी गरीबों के लिए संचालित आयुष्मान भारत योजना को अपने यहां लागू कर उन्हें जीवनदान दें।  

भारत के गृहमंत्री श्री राजनाथ सिंह ने इस अवसर पर कहा कि देश की 1.30 करोड़ जनता के स्वास्थ्य की चिन्ता करना और उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना चुनौतीपूर्ण कार्य है। फिर भी भारत सरकार लोगों के स्वास्थ्य के प्रति चिंतित है। उन्होंने कहा कि हमारे देश में अन्य देशों की अपेक्षा स्वास्थ्य के क्षेत्र में जी0डी0पी0 की बहुत कम हिस्सेदारी होती है। श्री सिंह ने कहा कि गरीबों के लिए आयुष्मान भारत योजना वरदान है, इससे 10 करोड़ से अधिक गरीब परिवार लाभान्वित होंगे। उन्होंने कहा कि निजी चिकित्सालयों से भी यहां की स्वास्थ्य सुविधा में बढ़ोत्तरी हुई है। दुनियां भर से लोग भारत में स्वास्थ्य लाभ लेने के लिए आते हैं। आज भारत मेडिकल टूरिज्म की दृष्टि से अट्रैक्टिव डेस्टीनेशन राष्ट्र बन चुका है। श्री सिंह ने कहा कि मेडिकल टूरिज्म को बढ़ाने के लिए 60 देशों को ई-बीजा तथा मेडिकल बीजा दिया गया है। भारत सरकार के स्वच्छ भारत अभियान का लाभ लोगों को मिल रहा है और अब यह स्वच्छागृह का रूप लेकर बीमारियों को खत्म करके भारत को स्वस्थ्य बनायेगा। इससे देश में समृद्धि आयेगी और हमारा देश समर्थवान बनकर शक्तिशाली राष्ट्र के रूप में विकसित होगा। 

टिप्पणियाँ