अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर जम कर किया हमला

 समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकारों के कार्यकाल में समस्याओं को उलझाने का ही काम हुआ है। किसान परेशान है। बीमारी, कुपोषण, भूख के आंकड़ों में देश पिछड़ा हुआ है। जीडीपी में भी पीछे है। भ्रष्टाचार बढ़ा है। कानून व्यवस्था चैपट है। किसान, नौजवान, व्यापारी, गरीब सभी लोकसभा चुनावों में मतदान का अवसर आने का इंतजार कर रहे है। सबकी इच्छा है कि देश को नई सरकार और नया प्रधानमंत्री मिले। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे समाजवादी पार्टी के साथ बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशियों को भी जिताने के लिए एकजुट हों। भाजपा के सत्ता  से हटने के बाद ही नया भारत बनेगा। 

       अखिलेश यादव आज यहां पार्टी मुख्यालय के डाॅ0 लोहिया सभागार में मीडिया से वार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा पूर्वोत्तर  भारत से लेकर कश्मीर तक समस्याएं ही समस्याएं हैं। किसान तभी खुशहाल होगा जब शत प्रतिशत कर्जमाफी हो। जब उद्योगपतियों का कर्ज माफ हो सकता है तो किसानों का पूरा कर्ज क्यों नहीं माफ किया जा सकता है? किसान को न्यूनतम समर्थन मूल्य भी नहीं मिल रहा है। 14 दिन में भुगतान के वादे के बावजूद गन्ना किसानों का बकाया अभी तक अदा नहीं हुआ है। 

      यादव ने कहा कि किसान के सामने सवाल है कि उसे न्यूनतम समर्थन मूल्य कौन देगा, वह कहां मिलेगा? सरसों लहलहा रही है किन्तु भाजपा सरकार ने विदेश से तेल मंगा लिया है। स्वदेशी का नारा देने वाले जब विदेश से वस्तुओं का आयात करेंगे तो किसान को लागत मूल्य भी कैसे मिल पाएगा। किसान को हर फसल में धोखा मिला है। खाद की बोरी में जो 5 किलो कमी की थी उसी का पैसा लौटाने का नाटक हो रहा है। 

        अखिलेश यादव ने कहा कि कुम्भ स्नान के बाद दान की परम्परा है। हमने मांग की थी कि भारत सरकार आगरा का किला दान कर दे ताकि संगम किनारे धार्मिक, सांस्कृतिक कार्यक्रम हो सकें लेकिन भारत सरकार का दिल छोटा है उसने मांग नहीं मानी।

        पूर्व मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि शौचालय बनाकर स्वच्छता के दावे का सच यह है कि भाजपा सरकार के समय बने शौचालयों में पानी तक नहीं है। अभी उन्नाव से कानपुर यात्रा के दौरान जगह-जगह जानवरों के झंुड तथा पाॅलीथिन और कचरे के ढेर दिखाई दिए। समाजवादी मानते हैं कि जब लोग शिक्षित और सम्पन्न होंगे तो स्वयं शौचालय बनवा लेंगे और उसका इस्तेमाल तथा साफ-सफाई करना भी सीख लेंगे। 

        कानून व्यवस्था की स्थिति पर श्री अखिलेश यादव ने कहा कि लगातार हत्याएं हो रही हैं। दो-दो प्रदेशों की सरकारें मिलकर भी एक व्यापारी के जुड़वां दो बेटों को अपहरणकर्ताओं से नहीं बचा पाई। मुख्यमंत्री जी अपनी कानून व्यवस्था की हकीकत को क्यों नहीं समझते हैं?

     अखिलेश यादव ने कहा कि लोगों का ध्यान हटाने के लिए भाजपा नए-नए शिगूफे छोड़ रही है। शहीदों के परिवारों को एक-एक करोड़ रूपए देना चाहिए। दुनिया ज्ञान विज्ञान से आगे बढ़ी है। भाजपा ने देश को पीछे कर दिया है। जनता अब चुनाव की तारीख का इंतजार कर रही हैं। अवसर मिलते ही मतदाता भाजपा को सत्ताच्युत करने के लिए समाजवादी पार्टी- बहुजन समाज पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान करेगी।

टिप्पणियाँ