राज्यपाल ने जॉर्ज फर्नांडीज के दुनिया से जाने पर दुख जताया


लखनऊ -उत्तर प्रदेश के राज्यपाल श्री राम नाईक ने आज वरिष्ठ राजनेता श्री जार्ज फर्नांडीज के निधन पर दुःख व्यक्त किया। 

राज्यपाल ने अपने शोक संदेश में कहा कि जार्ज फर्नांडीज के निधन से राजनीति का एक तूफान थम गया है। जार्ज फर्नांडीज होटल मजदूर यूनियन से राजनीति में आये थे। उनके नेतृत्व में बस-टैक्सी एवं रेल यूनियन ने हड़ताल की जो देश की सबसे बड़ी हड़ताल के रूप में दर्ज है। जार्ज फर्नांडीज ऐसे नेता थे जो सदन में जनता एवं कामगारों की सशक्त आवाज थे। उन्होंने कहा ऐसे निर्भिक एवं मजदूरों के हितों हेतु लड़ने वाले योद्धा का निधन एक अपूरणीय क्षति है।  

श्री नाईक ने जार्ज फर्नांडीज की स्मृतियों को ताजा करते हुये कहा कि 1967 में चैथी लोकसभा के चुनाव में दक्षिण मुंबई सीट से जार्ज फर्नांडीज ने कांग्रेस के मजबूत प्रत्याशी एस0के0 पाटिल को हराकर संसदीय राजनीति में प्रवेश किया। उन्होंने केवल दो पोस्टर से ही अपना चुनावी अभियान चलाया था, पहला ‘पानी’ तथा दूसरा ‘एस0के0 को भी हरा सकते हैं।’ उन्होंने कहा कि जार्ज फर्नांडीज ने आपातकाल का विरोध किया जिस हेतु उन्हें जेल भी जाना पड़ा था।

राज्यपाल ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में जार्ज फर्नांडीज रक्षा मंत्री थे जिन्हें अटल जी ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन का प्रमुख नियुक्त किया था। जार्ज फर्नांडीज के कार्यकाल में रक्षा विभाग बुलन्दी पर पहुंचा था। रक्षा मंत्रालय के अतिरिक्त जार्ज फर्नांडीज ने रेलवे एवं उद्योग मंत्री के रूप में भी कार्य किया। राज्यपाल ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी और जार्ज फर्नांडीज में कुछ समानतायें थी। ऐसे राजनेताओं के निधन से गरीबों एवं कामगारों की राजनीति में एक शून्य उत्पन्न हो गया है।

राज्यपाल ने दिवंगत आत्मा को सद्गति प्रदान करने के साथ-साथ ईश्वर से परिजनों को इस दारूण दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना भी की है।  

टिप्पणियाँ