सड़क दुर्घटना में छह लोगों की मौत, पांच घायल

दंतेवाड़ा, : छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में सड़क हादसे में दो महिलाओं समेत छह लोगों की मौत हो गई है तथा पांच अन्य घायल हो गए।

दंतेवाड़ा जिले के पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार यहां बताया कि जिले के बारसूर से गीदम मार्ग पर एक तेज रफ्तार स्कार्पियो वाहन पेड़ से टकरा गया। इस घटना में दो महिलाओं समेत छह लोगों की मौत हो गई है तथा पांच अन्य घायल हैं। घायलों में से चार की हालत गंभीर है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बस्तर जिले के तेतरकुटी और दंतेवाड़ा जिले के हाउरनार गांव से 11 लोग एक स्कार्पियो वाहन में सवार होकर पिकनिक मनाने के लिए दंतेवाड़ा स्थित बारसूर गए थे। शाम को वापसी के दौरान जब वे बारसूर से गीदम मार्ग पर राममंदिर के करीब थे तब उनका वाहन पेड़ से टकराकर पलट गया। इस घटना में छह लोगों की मौत हो गई तथा पांच अन्य घायल हो गए।

उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस दल को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया तथा शवों और घायलों को अस्पताल भेजा गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घायलों को दंतेवाड़ा स्थित जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।


टिप्पणियाँ