हाथी के हमले में युवक की मौत

कोरबा (छत्तीसगढ़), :: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में हाथी ने एक युवक को कुचलकर मार डाला।


कोरबा जिले के वन विभाग के अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि जिले के कटघोरा वन मंडल के केंदई रेंज में पिछले दो सप्ताह से अपने झुंड से भटक कर विचरण कर रहे दंतैल हाथी के हमले में नाथू राम साहू :29 वर्ष: की मौत हो गई है।


अधिकारियों ने बताया बीती रात कोरबी पुलिस चौकी के अंतर्गत पोड़ी खुर्द गांव निवासी नाथू राम हाथी को खदेड़ने की कोशिश कर रहा था। इस दौरान हाथी ने उसे पकड़ लिया और कुचलकर मार डाला।


उन्होंने बताया कि नाथू राम को जब भी सर्किल में हाथियों के आने की खबर मिलती थी तब वह लोगों को सतर्क कर वन विभाग के अधिकारियों को सूचना देता था।


अधिकारियों ने बताया कि घटना की जानकारी जब वन विभाग को मिली तब वन अमला घटनास्थल पर पहुंच गया था। मृतक के परिजनों को 25 हजार रूपए तात्कालिक सहायता राशि दे दी गई है।


कोरबी वन सर्किल में यह एक सप्ताह के भीतर दूसरी घटना है। 31 जनवरी की रात हाथी ने परला गांव के निवासी हीरासिंह (55 वर्ष) को कुचल कर मार दिया था। इससे पहले हाथी ने वनखेता गांव निवासी वसंती बाई :22 वर्ष: पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था।


टिप्पणियाँ