पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी की जयन्ती को सुशासन दिवस के रूप में मनाया

लखनऊ , भारतीय जनता पार्टी ने पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी बाजपेयी  की 95वीं जयन्ती पर पूरे प्रदेश में मण्डल स्तर पर गोष्ठियों का आयोजन किया। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर अटल जी की जयन्ती को सुशासन दिवस के रूप में मनाया। पार्टी द्वारा श्रद्धेय अटल जी की जयन्ती को सुशासन दिवस के रूप में मनाते हुए मण्डल स्तर पर सेवा कार्य भी किए गए। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह सुशासन दिवस पर शाहजहांपुर में आयोजित कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। 
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने शाहजहांपुर में गांधी भवन प्रेक्षागृह टाउन हाल में सुशासन दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित होकर पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर श्रद्धेय अटल जी को भारतीय राजनीति का अजातशत्रु बताते हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि श्रद्धेय अटल जी ने अपना पूरा जीवन राष्ट्र को समर्पित कर लोककल्याण के लिए कार्य करते रहे। उन्होंने कहा कि श्रद्धेय अटल जी का व्यक्तित्व और कृतित्व ऐसा था कि दलगत राजनीति से ऊपर उठकर विपक्षी दल के नेताओं के मन में भी उनके प्रति आदर का भाव था। सुशासन के मूलमंत्र के साथ श्रद्धेय अटल जी ने प्रधानमंत्री के रूप में भारत को पूरे विश्व में एक नई पहचान दिलाते हुए लोककल्याण के लिए कार्य किया। भारतीय राजनीति में श्रद्धेय अटल जी ने अपनी अमिट छाप छोड़ी। उन्होंने कहा आज केन्द्र की मोदी सरकार व प्रदेश की योगी सरकार भी श्रद्धेय अटल जी के दिखाए मार्ग पर चलते हुए लोककल्याण के लिए कार्य कर रही है। 
पार्टी के प्रदेश मंत्री त्रयम्बक त्रिपाठी ने बताया कि पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी बाजपेयी जी जयन्ती को पूरे प्रदेश में पार्टी कार्यकर्ताओं ने आज सुशासन दिवस के रूप में मनाया। मण्डल स्तर पर गोष्ठियों का आयोजन किया गया। गोष्ठी में वक्ताओं ने कहा कि भारतीय राजनीति में अजातशत्रु पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी बाजपेयी जी ने प्रधानमंत्री के रूप में पूरे विश्व में भारत की पहचान एक सशक्त राष्ट्र के रूप में बनाई। श्रद्धेय अटल जी ने स्वर्णिम चर्तुभुज योजना के माध्यम से पूरे देश को जोड़ने का काम किया। आज केन्द्र में माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में चल रही केन्द्र सरकार और प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में चल रही राज्य सरकार श्रद्धेय अटल जी के द्वारा दिखाए गए सुशासन के मार्ग पर आगे बढ़ते हुए लोककल्याण के लिए कार्य कर रही है। देश के हर गांव तक बिजली, पानी, सड़क की उपलब्धता हो, हर व्यक्ति को शिक्षा, स्वास्थ्य व रोजगार की सुविधा उपलब्ध हो इसके लिए लगातार भाजपा सरकारें काम कर रही है। 
श्री त्रिपाठी ने बताया कि आज पार्टी द्वारा सुशासन दिवस पर आयोजित किये गए कार्यक्रमों के तहत पार्टी कार्यकर्ताओं ने चिकित्सा कैंप, मलिन बस्तियों में स्वच्छता अभियान चलाया व विभिन्न प्रकार के अन्य कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। सुशासन दिवस पर आयोजित किये गए कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधि, पार्टी के पदाधिकारी गण व प्रमुख नेता सम्मिलित हुए। 


टिप्पणियाँ